अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवी (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के सात वार्डों में अभी भी लोगों को पूरी तरह से सीवरेज की सुविधा नहीं मिल पा रही है लेकिन अब आईपीएच विभाग पूरे शहर को सीवरेज सुविधा से जोड़ने के लिए दो करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। अब पूरे शहर की गंदगी घुमारवीं में बनाए गए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में एकत्रित होगी।
घुमारवीं नगर परिषद का क्षेत्र करीब आठ किलोमीटर के दायरे में फैला हुआ है। शहर में 2011 की जनगणना के अनुसार 7811 लोग हैं। जबकि आज की स्थिति में यह आंकड़ा लगभग 30 हजार के करीब पहुंच चुका हैं। नगर परिषद के सात वार्डों में जिन लोगों ने सीवरेज के कनेक्शन लिए हैं वह मात्र 654 हैं। संबंधित विभाग दावे कर रहा है कि लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखकर बेहतर सुविधा दी जा रही है लेकिन धरातल पर दावे हवा हवाई हैं।
शहर के बीचोंबीच से बह रहे गंदे नाले में कुछ धना सेठ बिना कनेक्शन लिए खुले में गंदगी इस नाले में डाल रहे हैं। नगर परिषद के कुछ वार्डों में लोग अभी इस सुविधा से वंचित हैं। वार्ड एक व दो के लोगों को पूर्णत: सीवरेज की सुविधा नहीं मिली है।
उधर अधिशाषी अभियंता आईपीएच घुमारवीं सतीश शर्मा का कहना है कि शहर के हर कोने को सीवरेज लाइन से जोड़ा गया है तथा कुछ स्थान अभी बचे हैं जिन्हें सीवरेज लाइन से जोड़ना है। उन क्षेत्रों को सीवरेज की लाइनों से जोड़ा जा रहा है। लोगों को सीवरेज की बेहतर सुविधा मिले, इसके लिए दो करोड़ की राशि खर्च जाएगी। कुछ जगहों पर कार्य प्रगति पर है।