बिलासपुर। बिलासपुर में डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग 27 लाख रुपये खर्च करने जा रहा है। जिलेभर में डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने फॉगिंग मशीन, होर्डिंग व अन्य कई कार्ययोजना तैयार की है। लाखों रुपये की लागत से जल्द ही स्वास्थ्य विभाग व्हीकल फॉगिंग मशीन खरीदने जा रहा है। यह मशीन बड़ी गाड़ी में रखी जाएगी, जिसके माध्यम से पूरे जिला में फॉगिंग की जाएगी।
वहीं, पूरे जिलेभर के लिए विभाग ने 80 हजार डेंगू जागरूक पोस्टर भी बना दिए हैं। जल्द ही शहरों और अन्य स्थानों पर बांटने का कार्य भी शुरू किया जाएगा। वहीं, बिलासपुर अस्पताल में डेंगू टेस्ट के लिए 2.70 लाख रुपये की डेंगू किट का भी ऑर्डर कर दिया है। साथ ही शहर और जिले में 2.50 लाख रुपये की लागत से बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए जाएंगे। 3 लाख की लागत से फॉगिंग मशीन में डलने वाला पेट्रोल और डीजल पर खर्च किया जाएगा। खबर की पुष्टि जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश धरोच ने की।
गौरतलब है कि गर्मियों का सीजन शुरू होने जा रहा है जिसके चलते बिलासपुर जिले में एक बार फिर से डेंगू फैलने की संभावना जताई जा रही है। पिछले साल की बात की जाए तो यहां पर डेंगू का आंकड़ा 2000 हजार से पार चला गया था लेकिन इस बार स्वास्थ्य विभाग ने शुरूआती चरण में ही डेंगू को रोकने के लिए कार्ययोजनाएं तैयार कर ली हैं जिससे यहां पर डेंगू एक बार फिर से विकराल रूप न धारण कर लें।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बताते हैं कि डेंगू के लारवे को खत्म करने के लिए दिल्ली से 14 लाख की राशि से दवाई भी मंगवाई जा रही है। यह दवा डेंगू के लारवे को खत्म करेगी जिससे डेंगू मच्छर नहीं बन पाएगा।
इनसेट...
डेंगू की रोकथाम के लिए खर्च होंगे 27 लाख
27 लाख रुपये डेंगू की रोकथाम के लिए खर्च किए जाएंगेे। विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। जल्द ही फॉगिंग की दवा आने पर फॉगिंग भी शुरू कर दी जाएगी।
...डॉ. प्रकाश धरोच, जिला चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर