बरमाणा(बिलासपुर)। एसीसी सीमेंट फैक्ट्री बरमाणा माइनिंग क्षेत्र से सटे कुनणु गांव के करीब 250 लोगों ने लोस चुनाव में नोटा का प्रयोग करने का फैसला लिया है। इसके अलावा ग्रामीण आसपास लगते चार और गांवों के विस्थापितों और प्रभावितों को भी नोटा का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे। इसका फैसला बुधवार को आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने लिया।
बैठक एसीसी विस्थापित एवं प्रभाती सभा के उपप्रधान भारत भूषण गौतम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अधिवक्ता स्वेता शर्मा और अधिवक्ता चंदन गौतम भी मौजूद रहे। प्रभावित और विस्थापितों का कहना है कि माइनिंग के कारण कुनणु, धौनकौठी, बलोह, बरयाही में भी लोगों के घरों में ब्लास्टिंग से दरारें आ चुकी हैं लेकिन इसके बाद भी लोगों की समस्या का समाधान कोई नहीं कर पाया। हालांकि एसडीएम से लेकर उपायुक्त तक सब क्षेत्र का दौरान कर चुके हैं।
अनदेखी के बाद बुधवार को कुनणु गांव के लोगों ने बैठक कर यह फैसला लिया है। वहीं लोग धौनकौठी, बलोह, बरयाही के लोगों को भी नोटा का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने को वीरवार से अभियान चलाएंगे। वहीं लोगों ने साफ किया कि कुनणु में किसी भी नेता की एंट्री नहीं होने दी जाएगी। लोगों ने बताया कि एसीसी की भारी ब्लास्टिंग से उनके घर में दरारें आ चुकी हैं। ब्लास्टिंग से होने वाले प्रदूषण से न जाने लोग कितनी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं।
बैठक में बीडीसी भुवनेश गौतम, विस्थापित समिति के उपाध्यक्ष भारत भूषण गौतम, वार्ड सदस्य सुनील गौतम, शिव कुमार, अंकुल गौतम, रमेश कुमार, रामदास शास्त्री, अतुल गौतम, नरोत्तम दत्त शास्त्री, श्याम लाल गौतम, आशीष गौतम, विवेक गौतम, कुलभूषण गौतम, अनीश गौतम, स्वतंत्र गौतम, पुरुषोत्तम दत्त, राकेश कुमार, पुष्पा देवी, जीत राम, पंकज कुमार, सावित्री देवी, विमला देवी, मीना कुमारी, अर्चना देवी, कांता देवी, जयदेई, श्यामली, शशि कांत, रीता देवी, विशाल कुमार, काली दास, पूजा देवी और कला देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इनसेट...
लोगों की समस्या का समाधान करेंगे : विधायक
सदर विधायक सुभाष ठाकुर का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। न ही इस संबंध में मुझे कोई ज्ञापन नहीं दिया गया लेकिन जन प्रतिनिधि होने के नाते वह लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे।