बिलासपुर। कुल्लू के ढालपुर मैदान में आगामी 6 से 8 अप्रैल तक आयोजित होने वाली वरिष्ठ महिला एवं पुरुष हैंडबाल प्रतियोगिता में भाग लेने वाली बिलासपुर जिले की टीमों की चयन प्रक्रिया स्थानीय कहलूर खेल परिसर में आयोजित की गई।
जिला हैंडबाल संघ के महासचिव नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि चयन प्रक्रिया में पुरुष वर्ग में 34 खिलाड़ियों तथा महिला वर्ग में 19 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सभी चयनित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए चयनित कर लिया गया है। टीमों की अंतिम घोषणा 3 अप्रैल को की जाएगी।
नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि चयन समिति के सदस्यों मनोज ठाकुर, वीरेंद्र शर्मा तथा सुनील गौतम ने पूरा दिन चली चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों के हुनर को तथा फिटनेस के स्तर को बारीकी से जांचा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करेंगी। इस अवसर पर जिला हैंडबाल संघ के उपाध्यक्ष प्रवेश शर्मा, आशीष ढिल्लों, कोषाध्यक्ष अंशु शर्मा तथा सदस्य रफीक अहम्मद, रवि शर्मा व दिलबर सिंह भी उपस्थित रहे।