‘उड़े जब-जब जुल्फें तेरी...’, गाकर मचाया धमाल
कुमार साहिल के नाम रही नलवाड़ी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या
हिमाचल सरकार के प्रधान सचिव आईएस ओंकार शर्मा रहे कार्यक्रम के मुख्यातिथि
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या हिमाचल के उभरते स्टार कलाकार कुमार साहिल के नाम रही। वाइस ऑफ हिमाचल रह चुके कुमार साहिल ने बिलासपुर की जनता का खूब मनोरंजन किया।
हिमाचल के स्टार कलाकार कुमार साहिल ने अल्लां वारियां..., दिल दियां गलां..., उड़े जब-जब जुल्फें तेरी..., आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे हर जुबान पर..., वदन पे सितारे..., तेरी मेरी खामोशियां गाने गाकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कुमार साहिल वाइस ऑफ हिमाचल भी रह चुके हैं। साथ ही इंडियन आइडल, सहित अन्य कई टीवी प्रोग्राम पर भी अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं।
कुमार साहिल बिलासपुर राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले में तीन से चार बार अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं। मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या होने के चलते लोगों का हुजूम यहां पर उमड़ा रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र बिलासपुर की ओर से मोनिशा शर्मा व रंगकर्मी अभिषेक सोनी ने मंच संचालक के रुप में अपनी भूमिका निभाई। इस अवसर पर चंडीगढ़ (जीरकपुर) ने अपनी प्रस्तुति दी। इसके बाद चंडीगढ़ के एक नृत्य ग्रुप ने भंगड़ा, गिद्दा और गतका प्रस्तुत किया। इसके बाद गुजरात ग्रुप द्वारा अपना पारंपरिक नृत्य सिंधी थमाल प्रस्तुत किया गया जिसे बिलासपुर की जनता ने खूब पसंद किया। इसके बाद जम्मू-कश्मीर के एक नृत्य ग्रुप द्वारा भी कश्मीरी नृत्य किया गया। नलवाड़ी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में जिला प्रशासन ने बिलासपुर की जनता को कार्यक्रम के सफल आयोजन की बधाई भी दी। नलवाड़ी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल सरकार के प्रधान सचिव ओंकार शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उपायुक्त बिलासपुर विवेक भाटिया द्वारा मुख्यातिथि को सम्मानित किया गया।
इनसेट..
इन्होंने भी दी प्रस्तुति
अनीश चंदेल, मुनीश भारद्वाज, अनिल कुमार, दिनेश कुमार, प्रियंका कुमारी, पूजा बंसल, सौरव कुमार, आशुतोष रघुवंशी, दीपक घई, अभिषेक, नरेश कुमार, मां जालपा ग्रुप, भगवान दास, वीर म्यूजिकल ग्रुप, सोनिका कुमारी और पंकज शर्मा रोहणू ने भी अपनी प्रस्तुति दी। इन सभी कलाकारों ने जिला प्रशासन को नलवाड़ी मेले के सफल आयोजन की बधाई भी दी।
--
पैराग्लाइडर से लुहणु पहुंचे मुख्यातिथि
राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले के समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रधान सचिव ओंकार शर्मा शनिवार को खास अंदाज में मेला स्थल पर पहुंचे। बंदला पहाड़ी से टेंडम पैराग्लाइडर में अनुभवी पायलट के साथ उड़ान भरकर उन्होंने लुहणू मैदान में लैंडिंग की। उसके बाद डीसी विवेक भाटिया भी टेंडम पैराग्लाइडर के माध्यम से बंदला से लुहणू पहुंचे। लैंडिंग के बाद मुख्य अतिथि और डीसी समेत अन्य अधिकारियों ने मेले के समापन समारोह में शिरकत की। वहीं देर शाम तक कुश्तियों के मुकाबले चलते रहे।
----------------------------------
....शुभम राही।
-----------------------------------------------------