कार्यकर्ताओं को ही दिया जाएगा लोकसभा चुनावों में मौका
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राठौर ने बैठक में एक-एक नेता और कार्यकर्ता से की बात
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि पार्टी के ही कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों में मौका दिया जाएगा। बैक डोर एंट्री प्रदेश में बिल्कुल भी नहीं मानी जाएगी। राठौर ने बैठक में हर नेता और कार्यकर्ता से बात की और पार्टी को मजबूत करने के लिए बात की। वहीं, उन्होंने बैठक में नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुटता का भी पाठ पढ़ाया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि लोकसभा चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुटता के साथ कार्य करना होगा। लोकसभा चुनावों के लिए अब भाजपा नेताओं की अंतिम डेडलाइन समाप्त होने जा रही है। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए विशेषकर नेताओं के साथ ही बैठक नहीं करेंगे। वे अब ब्लॉक लेवल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर हर जिला में नई रणनीति तैयार करेंगे। सबसे पहले वे ब्लॉक स्तर, उसके बाद बूथ लेवल और अंतिम चरण में नेताओं सहित जिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर लोकसभा चुनावों को लेकर एक खाका तैयार करेंगे। इस मौके पर नयना देवी विधानसभा के विधायक, कांग्रेस के महासचिव , पूर्व सीपीएस और विधायक राजेश धर्माणी, सदर पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, पूर्व बाबू राम गौतम, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, महासचिव संदीप सांख्यान, उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर सहित जिला भर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।