अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। उपायुक्त विवेक भाटिया ने कहा कि स्वच्छ सुंदर और स्वस्थ भारत निर्माण के लिए सभी लोगों की समान भागीदारी आवश्यक है। स्वच्छता को अपने जीवन का अहम हिस्सा बनाकर देश ही नहीं अपितु विश्व में भारत की छवि को स्वच्छ राष्ट्र के रूप में प्रदर्शित किया जा सकता है। उपायुक्त स्वच्छता ही सेवा अभियान के तीसरे दिन आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। कहा कि स्वच्छता केवल कानून या नियम बनाने से नहीं अपितु लोगों को जागरूक करके स्वैच्छिक भावना को उत्पन्न करने के पश्चात ही पनप सकती है।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन में अपनाए और संकल्प ले कि गंदगी को न ही फैलाएगा और न ही फैलाने देगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ राष्ट्र के सपने को पूर्ण करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्तूबर 2014 को राजपथ से स्वच्छ भारत का जो नारा दिया था वह अब पूरे राष्ट्र में एक जन आंदोलन के रूप में फैल रहा है और समूचा भारत स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर उन सपनों को साकार करने में जुटा है। इसके सुखद परिणाम आने शुरू हो गए हैं।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को 15 सितंबर 2018 से 2 अक्तूबर 2018 तक चलाया जा रहा है। स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के अतिरिक्त पंचायतीराज संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला मंडलों, युवक मंडलों, गण्यमान्य व्यक्तियों द्वारा आम लोगों को स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जा रहा है तथा इस पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न संस्थानों द्वारा विशेष स्वच्छता दिवस आयोजित किए जा रहे हैं और सफाई के अतिरिक्त लोगों को पूर्ण स्वच्छता के संदर्भ में जागरूक भी किया जा रहा है।
कहा कि सफाई के लिए किसी एक विशेष दिवस की नहीं अपितु प्रत्येक दिन स्वच्छता के प्रति सचेत होकर स्वच्छता को एक संस्कार के रूप में अपनाकर अपनी जीवनशैली में शामिल करने की आवश्यकता है।
---