अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं में डबल लेन सड़क के निर्माण की सुस्त रफ्तार के चलते शिमला-धर्मशाला राष्ट्रीय उच्च मार्ग 103 पर स्थित इस शहर के मुख्य बाजार के साथ ही घुमाणी चौक से लेकर डंगार तक के लोग समस्याओं से त्रस्त हैं। कई स्थानों पर मुख्य मार्ग से गांव के लिए संपर्क सड़कों के साथ लोगों के घरों को जाने वाले रास्ते भी टूटे हुए हैं। इसके चलते लोग घरों को बांस की सीढ़ियों के माध्यम से आने जाने को विवश हैं।
घुमारवीं नगर परिषद के अंतर्गत अवढाणीघाट के समीप पेट्रोल पंप के नजदीक से ही नांगलू गांव को जाने वाला रास्ता, वहीं दकड़ी चौक से दकड़ी गांव की ओर जाने वाले रास्ते के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां रास्ते की शुरुआत में ही गांव के लिए एक मात्र संपर्क सड़क के क्षतिग्रस्त होने से पैदल चलना मुश्किल हो गया है, बल्कि छोटे वाहनों को भी नुकसान हो रहा है। यही नहीं सिर खड्ड पर निर्मित पुल व उसके दोनों ओर का रास्ता खस्ता हालत में है। इसके चलते वाहन चालकों के साथ ही पैदल चलने वालों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि यह हाल मात्र दो तीन स्थानों का नहीं बल्कि घुमानी, अवारी, भगेड़, बल्लू, कुलारू, नगर परिषद घुमारवीं, नसवाल, कलरी, निहारी, दधोल, बॉडीचौक से लेकर डंगार पंचायत के हरितल्यागर तक लोगों को इस समस्या से रोजाना दो-चार होना पड़ रहा है। सड़क निर्माण के समय कंपनी की ओर से कई स्थानों पर रिटेनिंग वॉल लगाए गई है लेकिन कई स्थानों पर उसकी ऊंचाई सड़क से कम होने के चलते सारा पानी घरों में घुस रहा है।
संजय कुमार, अंकुर नड्डा, प्रताप परमार, राकेश कुमार, प्रेम लाल, शिव कुमार, ब्रह्मी देवी, सुमन कुमारी, अनिल कुमार, लक्ष्मी देवी, राजीव कुमार ने प्रशासन से समस्या के समाधान के लिए कारगर कदम उठाने की मांग की है।
उधर इस संदर्भ में राष्ट्रीय उच्च मार्ग सहायक अभियंता धर्मचंद वर्मा ने बताया कि सभी मामले विभाग के संज्ञान में है बरसात व लेबर की कमी के चलते कार्य प्रभावित हुए हैं। इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।