अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं के साथ लगती लुहारवीं पंचायत के गांव नैन में पेड़ से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई है। यह व्यक्ति पशुओं को चारा लाने के लिए गया हुआ था, लेकिन पेड़ पर से पांव फिसल जाने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को साैंप दिया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान हंसराज पुत्र नानकू राम (44) गांव नैन के रूप में हुई है। मृतक घुमारवीं बाजार में चाय का खोखा चलाता था। मंगलवार को वह शाम के समय पशुओं को चारा लाने के लिए गया था कि अचानक पैर फिसलने के कारण पेड़ से गिर गया और मौत हो गई है। शव का दाह संस्कार हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सीर खड्ड के किनारे श्मशानघाट पर कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से हल्का पटवारी ने परिजनों को फौरी राहत के तौर पर बीस हजार रुपये दिए हैं। मौत पर स्थानीय विधायक राजेंद्र कुमार गर्ग, पूर्व विधायक राजेश धर्माणी व व्यापार मंडल के प्रधान हेम राज संख्यान, कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा व समस्त कार्यकारिणी ने शोक व्यक्त किया है।
व्यापार मंडल के प्रधान हेमराज संख्यान ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता समस्त व्यापारिक वर्ग से की जाएगी।