बिलासपुर। डेंगू की रोकथाम के लिए उपायुक्त विवेक भाटिया की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में डेंगू की रोकथाम के लिए 70 लोगों की 9 टीमें बनाई गईं, जो विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को डेंगू के बारे में जागरूक करेंगी।
सीएमओ डॉ. वीके चौधरी ने लोगों से आग्रह किया कि वे बीमारी के लक्षण होते ही डॉक्टर से संपर्क करें। बिना डॉक्टर की सलाह से अपने स्तर पर कोई भी दवाई न लें। उन्होंने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में बीमारियों के प्रारंभिक चरण की जांच व दवाइयां उपलब्ध हैं।
उपायुक्त ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जलस्रोतों व जल भंडारण टैंकों की सफाई के अतिरिक्त इनकी क्लोरोनेशन की भी सही व्यवस्था करें। लीकेज वाली पेयजल पाइपों की मरम्मत करवाना सुनिश्चित बनाएं।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय कुमार, एसडीएम स्वारघाट अनिल चौहान, सहायक आयुक्त सिद्धार्थ आचार्य, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अमर सिंह, बीएमओ मार्कंडेय डॉ. राधा, बीएमओ झंडूता डॉ. विजय राज, बीएमओ घुमारवीं डॉ. केके शर्मा, एमओएच डॉ. परविंद्र, डॉ. ऋषि टंडन, डॉ. आरके आहलूवालिया उपस्थित रहे।