अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
सूबे में नौ नवंबर को नई विधानसभा के लिए हुए मतदान के बाद ईवीएम मशीनों की सुरक्षा का घेरा बेहद कड़ा है। एसडीएम रोजाना दो बार सुरक्षा जांचने के बाद चुनाव आयोग को रिपोर्ट दे रहे हैं। किसी भी शख्स को बिना पहचान पत्र दिखाए अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। कालेज छात्र व छात्राओं को भी आईकार्ड दिखाने के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है। 24 घंटे जवान व पुलिस कर्मी कालेज गेट से लेकर स्ट्रांग रूम तक तैनात हैं।
बिलासपुर कालेज में श्री नयना देवी जी व सदर विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम मशीनों को रखा गया है। यहां पर 18 दिसंबर को वोटों की गिनती की जाएगी। ऐसे में 18 तक यहां पर मशीनों की सुरक्षा को पुलिस व जवानों के हवाले किया गया है। स्ट्रांग रूम के बाहर बीएसएफ के जवान तैनात रहते हैं। किसी को भी स्ट्रांग रूम के आसपास फटकने नहीं दिया जा रहा है। मुख्य गेट के पास भी तीन से चार पुलिस कर्मी व अंदर गेट के पास तीन से चार पुलिस कर्मियों के अलावा स्ट्रांग रूम के पास बीएसएफ के जवान तैनात हैं। केवल एसडीएम को ही दिन में दो बार यहां का मुआयना करने की इजाजत है। जिसके चलते एसडीएम सुबह व शाम के समय यहां आकर सुरक्षा व्यवस्था को जांचते हैं। एसडीएम सदर हरीश गज्जू ने बताया कि बिलासपुर कॉलेज में ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। किसी को भी स्ट्रांग रूम के पास जाने की इजाजत नहीं है।