बरमाणा (बिलासपुर)। हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में होने वाली विश्व सीनियर किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिमाचल के तीन खिलाड़ी भी दमखम दिखा रहे हैं। जबकि देश के 50 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में शामिल हैं। इस प्रतियोगिता में विश्व के 150 देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। चार साल में एक बार होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए भारत के खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। यह प्रतियोगिता 13 नवंबर तक हंगरी में आयोजित की जा रही है।
इस प्रतियोगिता में भारत के 25 पुरुष खिलाड़ी और 25 महिला खिलाड़ी भाग ले रही हैं। इनमें हिमाचल के तीन खिलाड़ी हरिओम, सिमरनजीत सिंह और दिलीप राणा शामिल हैं। टीम के प्रबंधक चंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों ने खूब मेहनत की है। भारतीय टीम के कोच डॉ. संजय यादव ने खिलाड़ियों को गेम की बारीकियां सिखाई हैं। पिछली बार 2016 में साउथ कोरिया में हुई सीनियर प्रतियोगिता में भारत की टीम ने एक गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल जीते थे। इस बार की प्रतियोगिता में सिक्किम की पूर्वा शेरपा पर भी सबकी निगाहें टिकी रहेंगी। क्योंकि वह भारतीय टीम को एशिया की किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक दिला चुकी हैं।
जबकि दिल्ली के कृष्ण ठकराल पर भी नजर रहेगी। टीम के प्रबंधक चंद्र मोहन शर्मा और कोच परशुराम अवार्डी डॉ. संजय यादव भी हिमाचल के ही हैं। इसके अलावा टीम के साथ संतोष अग्रवाल भी टीम ऑफिसर के रूप में टीम के साथ रहेंगे। वहीं इस गेम से जुड़े सूत्र बताते हैं कि 2020 में जापान के टोकियो में होने वाली ओलंपिक खेलों में किक बॉक्सिंग को ट्रायल गेम के तौर पर शामिल किया जा सकता है। इसमें भारत की तरफ से वे खिलाड़ी भाग लेंगे, जो बुडापेस्ट में होने वाली विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतेंगे।