भराड़ी (बिलासपुर)। उप-तहसील मुख्यालय भराड़ी में 3 दिन चलने वाले अजमेरपुर ग्रीष्मोत्सव एवं लखदाता छिंज मेले का आगाज धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि हरिचंद शर्मा उपकुलपति डॉ. वाईएस परमार वानिकी विश्वविद्यालय नौणी की अगुवाई में टौणीदेवी माता मंदिर भराड़ी में पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा मेला मैदान तक निकाली गई जिसमें क्षेत्र के भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
मेला कमेटी की ओर से मुख्यातिथि और अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले मेला कमेटी के अध्यक्ष करतार सिंह चौधरी ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि इस मेले का शुभारंभ वर्ष 2011 में हुआ था जो अब अपने पूरे यौवन पर है। इनके सफल आयोजन के लिए पूरी मेला कमेटी और क्षेत्र की जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है। तीन दिनों के इस ग्रीष्मोत्सव में चार अप्रैल को छिंज का आयोजन किया जाएगा, जिनमें नामी पहलवान भाग लेते हैं।
मुख्यातिथि ने सभी को मेला की बधाई दी तथा कहा कि मेले और त्योहार हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग हैं। वह भी भराड़ी स्थित सरकारी स्कूल में पढ़े हैं, अत: यह आवश्यक नहीं है कि प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे ही आगे जाते हैं। उन्होंने कहा कि वानिकी व कृषि में भी आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न महिला मंडलों, स्कूलों के विद्यार्थियों व स्वयं सहायता समूहों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर मेला कमेटी के अध्यक्ष करतार चौधरी, उपप्रधान ख्यालीराम शर्मा, जिला परिषद के उपाध्यक्ष अमीचंद सोनी, जेके शर्मा, नंदलाल शर्मा, सतीश सहगल, दूनीचंद, हेमराज ठाकुर, पवन कुमार, आजाद चंद वर्मा, सुभाष ठाकुर, इंदु शर्मा, वीना ठाकुर, सावित्री देवी, सतीश सहगल, मदन बांथरा, सोहन लाल, अनिल सहगल, रविंद्र रणौत, रूप लाल, अशोक ठाकुर, राजीव चौधरी, अजय शर्मा, कृष्ण कन्हैया गौतम, जगननाथ, रविंद्र शर्मा, लाल सिंह, डीएस चौधरी सहित अन्य उपस्थित थे।