धर्मशाला और होटल संचालकों को
सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश
बाहरी राज्यों के लोगों का करें सप्ताह भर में पंजीकरण
शाहतलाई में 13 मार्च से 14 अप्रैल तक चलने वाले चैत्र मेलों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध
अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई(बिलासपुर)। शाहतलाई में 13 मार्च से 14 अप्रैल तक चलने वाले चैत्र मेलों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में धर्मशाला और होटल संचालकों को सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश दिए गए हैं ताकि हर आने जाने वाले व्यक्ति का रिकार्ड रखा जा सके। थाना प्रभारी श्याम सुंदर ने कहा कि मेलों के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया है।
इतना ही नहीं सभी होटल मालिक व धर्मशालाओं के संचालकों के साथ पुलिस थाना तलाई के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के लोगों को भी कहा गया है कि अगर उनके पास कोई बाहरी राज्यों के नौकर या कर्मचारी रखे हैं तो वह एक सप्ताह के भीतर उनका पुलिस थाना में आकर पंजीकरण करवाएं।
अगर कोई पंजीकरण नहीं करवाता है तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, उन्होंने कहा कि लोकसभा के चुनावों के मद्देनजर तलाई पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आने वाले अपने पंजीकृत हथियारों को पुलिस थाना में जमा करवाने करवाएं। उन्होंने कहा कि आगामी मेलों में सुरक्षा प्रबंध की पुलिस ने कड़ी तैयारी कर रखी है।