अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। लोगों को रोग से दूर रखने वाला पाकिस्तान ड्राई फ्रूट छुहारा भारत में महंगा हो गया है। 90 रुपये किलो बिकने वाला छुहारा अब भारत में 180 रुपये किलो बिक रहा है। पुलवामा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर हुए आतंकी हमले के विरोध में कारोबारियों ने छुहारे का आयात पाकिस्तान से बंद कर दिया है। इस कारण महज तीन दिन में शहर के बाजारों में पाकिस्तान के खाद्य पदार्थ 100 रुपये महंगे होते नजर आ रहे हैं। साथ ही लाहौरी नमक भी अब महंगा हो गया है। इससे पहले पंसारी की दुकानों में बिकने वाला लाहौरी नमक 10 रुपये से 25 रुपये किलो हो गया है। इसके कारण बाजारों में महंगाई हो गई है। वहीं जब इस संदर्भ में बिलासपुर के दुकानदारों से बात की गई तो उनका कहना कुछ इस प्रकार रहा।
-पंसारी कुलदीप शर्मा का कहना है कि अभी तक तो उन्होंने ड्राई फ्रूट की कोई मांग नहीं की है। अगर पाकिस्तान ने अपने ड्राई फ्रूट महंगे कर दिए हैं तो इससे भारत को कोई दिक्कत नहीं पड़ने वाली है। भारत सरकार धीरे-धीरे जो पाकिस्तान का हुक्का पानी बंद कर रही है उसकी वह सराहना करते हैं।
-पंसारी जसवंत सिंह कहना है कि लाहौरी नमक महंगा हुआ है। यह नमक पशुओं को दिया जाता है लेकिन उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं है। उन्हें उम्मीद है कि भारत सरकार लाहौरी नमक के अलावा कोई और पदार्थ बना देगी जिसे लोग आसानी और सस्ते दामों पर खरीद सकें।
-दुकानदार नरेंद्र कुमार का कहना है कि कोई खासी महंगाई नहीं हुई है सिर्फ पाकिस्तान से आने वाला छुहारा ही महंगा हुआ है। लोगों को जब पाकिस्तान के छुहारे की बात बताई जा रही है तो लोग खुद ही इस खाद्य पदार्थ को खरीदना पसंद नहीं कर रहे हैं।
-दुकानदार विनोद मिश्रा का कहना है कि वह पाकिस्तान से आने वाला सामान बेचना ही बंद कर रहे हैं। वह अपने दुकान में रखे पाकिस्तान के खाद्य पदार्थों को खुद सस्ते दामों में बेच देंगे। भारत में पाकिस्तान का कोई भी खाद्य पदार्थ नहीं बिकना चाहिए।