केंद्रीय टीम ने किया जिला के बरसात से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ की आवश्यक बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। बरसात के दौरान जिला में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए सोमवार को केंद्रीय दल की ओर से जिला में प्रभावित स्थलों का दौरा किया गया। उसके उपरांत केंद्रीय टीम के लीडर विवेक भारद्वाज संयुक्त सचिव पीएम, विपनेश शर्मा सुपरिंटेंडेंट इंजीनियरिंग कम रीजनल ऑफिसर तथा ओपी गुप्ता निदेशक ने जिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लेक व्यू में आवश्यक बैठक की। इस अवसर पर टीम दल की ओर से विभाग वाइज विभिन्न अधिकारियों के साथ बरसात के मौसम में हुए नुकसान की विस्तारपूर्वक चर्चा की।
विशेष सचिव राजस्व आपदा प्रबंधन, शिमला डीसी राणा ने बताया कि प्रदेश में आपदा प्रबंधन के लिए नियमित रूप से कार्य किया जा रहा है। जिला में उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा इसी प्रकार राज्य में राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्य कर रहा है। बरसात के कारण हुए नुकसान का जो आंकलन प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार को सौंपा था, केंद्रीय टीम की ओर से उसकी जांच व निरीक्षण किया जा रहा है। जांच व निरीक्षण करने के उपरांत कमेटी अपनी सिफारिश भारत सरकार को प्रस्तुत करेगी जिसके आधार पर प्रदेश सरकार को धन उपलब्ध होगा।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने बताया कि जिला में हुई भारी बरसात के कारण लगभग 81 करोड़ रुपये के नुकसान का आंकलन किया गया है। जिला में लोक निर्माण विभाग को लगभग 63 करोड़ 15 लाख रुपये, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को 11 करोड़ 21 लाख रुपये, कृषि विभाग को लगभग 82 लाख, बागवानी विभाग 76 लाख रुपये तथा शिक्षा विभाग को 20 लाख रुपये और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड को 1 करोड़ 83 लाख रुपये का नुकसान हुआ। इस दौरान 1 करोड़ 87 लाख रुपये की निजी संपत्ति तथा लगभग 35 लाख रुपये के पशुधन के नुकसान का आंकलन किया गया है।
इस अवसर पर एडीएम विनय क़ुमार, एसडीएम प्रियंका वर्मा, अनिल चौहान के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
------------------------