भाजपा को एक और झटका, निदेशक पद भी गया हाथ से
इससे पहले झंडूता बीडीसी अध्यक्ष पद में खानी पड़ी थी मात
निदेशक पद के लिए कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को मिले 311 वोट
रितेश गुलेरिया
बिलासपुर। जिला में भाजपा को एक बार फिर से जोर का झटका लगा है। राज्य कृषि एवं विकास सहकारी बैंक बिलासपुर जोन के लिए हुए निदेशक पद के चुनाव में भाजपा सत्ता में होने के बाद भी हार गई। वहीं, इससे पहले झंडूता बीडीसी अध्यक्ष पद के लिए भाजपा अविश्वास प्रस्ताव तो ले आई थी, लेकिन बहुमत सिद्ध न करने पर वहां भी भाजपा की जब कर किरकिरी हुई थी। रही सही कसर अब निदेशक पद हाथ न आने पर पूरी हो गई।
जिला में भाजपा को एक के बाद एक झटके लगने से भाजपा पूरी तरह से बैकफुट पर आ गई है। वहीं, जानकारों की मानें तो इसका असर आने वाले लोक सभा चुनाव में भी साफ देखा जाएगा। हालांकि जिला से तीन विधायक भाजपा के हैं, लेकिन माना जा रहा है कि कार्यकर्ताओं और नेताओं में सही तालमेल न होने के कारण भाजपा की जम कर किरकिरी हो रही है।
जिस तरह से राज्य कृषि एवं विकास सहकारी बैंक बिलासपुर जोन के लिए हुए निदेशक पद के चुनावों में जुखाला के रानीकोटला के रहने वाले कांग्रेस समर्थित नंदलाल 311 वोटों से विजेता बने हैं। उन्होंने अपने सबसे निकट प्रतिद्वंद्वी भाजपा समर्थित सुरेश को हरा कर एक बार फिर से निदेशक पद पर कब्जा किया है। जबकि इसस पहले झंडूता में बीडीसी अध्यक्ष पद के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने के बाद भी भाजपा अध्यक्ष पद अपने नाम नहीं कर पाई। हालांकि भाजपा ने इसके लिए बड़ा जोड़तोड़ किया था। उसके बाद भी भाजपा को नौ वोट ही पड़े थे। वहीं जानकारों की माने तो भाजपा भले की सत्ता में है और जिला में उसके तीन विधायक है। लेकिन इन सब बातों के बाद भी जिला में भाजपा में सब ठीक नहीं चल रहा है। एक सप्ताह में लगातार भाजपा को दो बड़े झटके लगने नेताओं की धुकधुकी बढ़ गई है।