आर्मी अस्पतालों का चंडीगढ़
किया जाए रीजनल सेंटर
भूतपूर्व सैनिक कल्याण, विकास समिति ने भेजा ज्ञापन
अध्यक्ष बालक राम बोले-जालंधर होने से आ रही समस्याएं
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
हिमाचल प्रदेश भूतपूर्व सैनिक कल्याण एवं विकास समिति के अध्यक्ष कैप्टन बालक राम शर्मा ने दिल्ली एरिया हेडक्वार्टर को ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने मांग की है कि आर्मी अस्पताल बिलासपुर और आर्मी अस्पताल घुमारवीं को रीजनल सेंटर जालंधर की बजाय चंडीगढ़ किया जाए ताकि सैनिकों के परिवारों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
बालक राम शर्मा ने मांग रखी कि बिलासपुर एवं घुमारवीं के सैनिक परिवारों और सैनिकों के लिए रीजनल सेंटर जालंधर है जो बहुत दूर पड़ता है। वहां बीमार व्यक्ति को पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। चंडीगढ़ नजदीक है, यहां जल्दी पहुंचा जा सकता है। बुजुर्ग सैनिकों, महिलाओं और बच्चों के लिए कई समस्याएं आती हैं। उन्होंने बताया कि अगर रीजनल सेंटर चंडीगढ़ हो तो ज्यादा परेशानी नहीं होगी। चंडीगढ़ को सुबह जाते हैं तो शाम तक घर वापस आ सकते है। बालक राम शर्मा ने मांग की है कि आर्मी अस्पताल बिलासपुर और घुमारवीं के सैनिकों और उनके परिवार के लिए सीधा चंडीगढ़ रेफर किया जाए ताकि किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।