अमर उजाला ब्यूरो
जुखाला(बिलासपुर)। लंबे समय से नम्होल के पशु एवं किसान मेले पर मंडरा रहे संकट के बादल उच्चन्यायालय के आदेश के बाद छंट गए हैं। उच्चन्यायालय के आदेश के बाद शुक्रवार को नम्होल में मेले का आयोजन धूमधाम के साथ हुआ। गौर रहे कि मेले के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने मंजूरी देने से मना कर दिया था। सालों से होते आ रहे इस मेले को राजनीति से जोड़ कर देखा जा रहा था।
प्रशासन का तर्क था कि मेला स्कूल ग्राउंड में होता है जिस कारण इसे मंजूरी नहीं दी जा सकती। जबकि क्षेत्र के विधायक एवं कांग्रेस के महासचिव रामलाल ठाकुर का कहना था कि ग्राउंड स्कूल का नहीं है केवल ग्राउंड रखरखाव को स्कूल को दिया था लेकिन इसके बाद भी प्रशासन कुछ सुनने को तैयार नहीं था। इसके बाद इस मामले को लेकर उच्चन्यायालय में याचिका दायर की गई जिस पर कोर्ट ने मेले के आयोजन को मंजूरी दी।
वहीं शुक्रवार को जिला परिषद चेयरमैन अमरजीत सिंह बंगा ने मेले का उद्घाटन किया। इस मौके पर श्रीराम चंद्र जी के मंदिर में पूजा अर्चना के साथ कलश यात्रा निकाली व मेला ग्राउंड तक शोभा यात्रा में मेले के सभी सदस्यों सहित अन्य लोगों ने बड़ चढ़ कर भाग लिया। मुख्यातिथि द्वारा बैल पूजन व खूंटा गाड़ कर मेले की शुरुआत की। मेले के अध्यक्ष रोशन ठाकुर व सचिव सोभा राम ठाकुर सहित मेले के सदस्यों ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह व शाल भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर स्कूली छात्राओं द्वारा वंदे मातरम्, ग्रुप डांस, एकल गान व महिला मंडलों ने अपने पहाड़ी व लोकल गाने गाकर लोगों का मनोरंजन किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि मेले हमारी संस्कृति है और नम्होल मेला हर साल काफी बड़े स्तर पर मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि मेले को राजनीति से अलग रखना चाहिए, मेले में कोई भी राजनीति नहीं करनी चाहिए।
इनसेट...
भाजपा मेलों पर कर रही राजनीति : रामलाल
श्रीनयना देवी विस क्षेत्र के विधायक एवं कांग्रेस के महासचिव रामलाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा मेलों पर राजनीति कर रही है जो गलत है। जिला प्रशासन ने भाजपा के कहने पर मेले के आयोजन को अनुमति नहीं दी। इसके बाद मजबूरी में उच्चन्यायालय जाना पड़ा। उच्चन्यायालय ने अपने आदेश में मेला करवाने की अनुमति दी है।