घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को लेकर युवा कांग्रेस का क्रमिक अनशन आठवें दिन भी जारी रहा। एसडीएम घुमारवीं शशिपाल शर्मा अनशन स्थल पर पहुंचकर अनशन समाप्त करने का आग्रह किया। लेकिन, क्रमिक अनशन पर बैठे राजीव शर्मा, सचिव, सुभाष ठाकुर ने कहा कि जब तक चिकित्सकों की तैनाती नहीं की जाती, तब तक यह अनशन जारी रहेगा।
एसडीएम ने कहा कि चिकित्सकों की कमी को लेकर उपायुक्त सहित उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया है। सरकार भी चिकित्सकों की तैनाती के लिए वचनबद्ध है। अनशन पर बैठे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोगों को उपचार के लिए निजी क्लीनिकों की शरण लेनी पड़ रही है। कहा कि भाजपा विधायक राजेंद्र गर्ग ने भी कोई कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी। वे केवल स्वागत समारोह में व्यस्त हैं। कांग्रेस सरकार के समय जब चिकित्सकों की कमी होती थी तो वह तत्काल अस्पताल पहुंचकर धरना प्रदर्शन शुरू कर देते थे। कहा कि यदि दस दिन के भीतर चिकित्सकों के रिक्त पद नहीं भरे गए तो युवा कांग्रेस सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस प्रधान मनोज शर्मा, सचिन ठाकुर, गौरव ठाकुर, अंकित शर्मा, संजीव धीमान, अमित शर्मा मौजूद रहे।