घुमारवीं (बिलासपुर)। मेडिकल लैब एसोसिएशन की जिला स्तरीय बैठक घुमारवीं में चेयरमैन अजय शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिला भर के करीब 60 लैब तकनीशियनों ने भाग लिया। बैठक में प्रदेश स्तर के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जानकारी देते हुए जिला उपाध्यक्ष श्याम महाजन ने बताया कि बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। अजय शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा 2010 में जो एक्ट पास हुआ है उसका बैठक में विरोध किया गया। बैठक में सरकार से गुहार लगाई गई कि इस एक्ट को वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने निर्देश जारी किए हैं कि हर लैब में एमबीबीएस डॉक्टर लैब रिपोर्ट पर साइन करेगा। जिसका लैब तकनीशियनों ने विरोध किया। लैब एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि यदि सरकार ने इस एक्ट को शीघ्र वापस नहीं लिया तो प्रदेश भर के लैब तकनीशियन सरकार के विरुद्ध संघर्ष करने को मजबूर होंगे।
उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में लैब टेक्नीशियन मुश्किल से अपना गुजारा कर रहे हैं। ऐसे में यदि सरकार के निर्देशानुसार उन्हें अपनी लैब में एमबीबीएस तैनात करना पड़ेगा तो उन्हें और भी आर्थिक संकट से परेशान होना पड़ेगा। बैठक में जिला प्रधान रविंद्र, वित्त सचिव ओमप्रकाश, महासचिव राजेश कुमार, जसवीर चौहान, लखबीर सिंह, प्रेमलाल, लैब तकनीशियन ममता कुमारी, सीमा देवी, रीना देवी, सुरेश मिश्रा व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।