बिलासपुर। असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर नजर रखने के लिए बिलासपुर बस अड्डा में एचआरटीसी प्रबंधन ने सीसीटीवी लगा दिए हैं। पूरा बस अड्डा अब चार कैमरों की नजर में रहेगा। कैमरों के लगने से अब महिलाएं व युवतियां अपने आपको सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
बिलासपुर बस अड्डा में रोजाना बाहरी राज्यों से भी बसों का आना जाना लगा रहता है। ऐसे में असामाजिक तत्वों के भी यहां पहुंचने की उम्मीद बढ़ जाती है। लेकिन, अब सभी शरारती तत्व तीसरी आंख की नजर से नहीं बच सकेंगे। जबकि घुमारवीं बस अड्डा में भी लोगों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों को लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से बिलासपुर व घुमारवीं बस अड्डा में महिलाओं, युवतियों व अन्यों को शरारती तत्वों द्वारा तंग करने की शिकायतें एचआरटीसी प्रबंधन के पास आई थीं। इसके अलावा रात के समय भी लड़ाई-झगड़े की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे निगम प्रबंधन काफी परेशान था। ऐसे में प्रबंधन ने बस अड्डा पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला लिया है। बिलासपुर बस अड्डा में चार सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। दुकानदारों का कहना है कि इससे असामाजिक तत्वों पर भी नजर रहेगी।
एचआरटीसी बिलासपुर के आरएम पवन शर्मा का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बिलासपुर बस अड्डा में चार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। घुमारवीं में भी जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएंगे। इसका कार्य चला हुआ है।