डिटेक्शन टीम नाकाबंदी में की कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने नाकाबंदी के दौरान स्कूटी से 1.09 किलोग्राम चरस बरामद कर पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्पेशल डिटेक्शन टीम फोरलेन पर पडगल में नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान मंडी भराड़ी की ओर से कीरतपुर की तरफ जा रही पंजाब नंबर की स्कूटी को जांच के लिए रोका गया। स्कूटी पर सवार दोनों युवकों से पूछताछ के बाद उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिकी में रखे कैरी बैग से खाकी रंग की प्लास्टिक टेप में लिपटे दो पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर दोनों पैकेटों में पारदर्शी पॉलिथीन में लिपटी चरस मिली। तौल करने पर एक पैकेट में 663.13 ग्राम और दूसरे में 427.55 ग्राम चरस पाई गई। बरामद चरस का वजन 1090.68 ग्राम रहा।
पुलिस ने स्कूटी चालक तरुण कुमार (27) और मानव (27), निवासी होशियारपुर, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।