एक साल से मलबे के दर्द में जी रहीं 75 वर्षीय कृष्णी देवी
सहायता के लिए जमा किए दस्तावेज, अब तक नहीं मिली मदद
संजीव शामा
घुमारवीं (बिलासपुर)। आसमान में जैसे ही काले बादल घिरते हैं, 75 वर्षीय कृष्णी देवी की नजरें बार-बार अपनी कच्ची छत की ओर उठ जाती हैं। बारिश की हर बूंद उन्हें उस दिन की याद दिला देती है, जब 3 सितंबर 2025 की मूसलाधार बारिश ने उनका घर पलभर में मलबे में बदल दिया था। तब से आज तक उनके जीवन की पूरी दुनिया महज 8×8 फुट की एक कच्ची रसोई तक सिमट गई है। यही उनका रसोईघर है, यही उनका शयनकक्ष और यही उनकी जिंदगी का आखिरी सहारा।
नगर परिषद घुमारवीं के कल्याणा वार्ड की रहने वाली कृष्णी देवी करीब एक वर्ष से सरकारी मदद का इंतजार कर रही हैं। पति रामदास का वर्ष 2005 में निधन हो गया। तब से वे अकेले ही जीवन की कठिन राह तय कर रही हैं। उनकी दो बेटियां हैं, जो विवाह के बाद अपने-अपने परिवार में व्यस्त हैं। वे समय-समय पर मां का हालचाल लेने जरूर आती हैं, लेकिन उनके साथ स्थायी रूप से नहीं रह सकतीं।
मकान ढहने के बाद कृष्णी देवी ने पार्षद के माध्यम से प्रशासन को सूचना दी। पटवारी मौके पर पहुंचे, नुकसान का आकलन किया और सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं। 8 अक्तूबर 2025 को उन्होंने सभी जरूरी दस्तावेज भी जमा करवा दिए, लेकिन लगभग एक वर्ष बीतने के बाद भी उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं मिली।
अब फिर मानसून दस्तक दे चुका है। हर तेज बारिश के साथ उनका डर भी बढ़ जाता है। उन्हें चिंता सताती है कि कहीं जिस कच्ची रसोई में वह रह रही हैं, वह भी बारिश में न ढह जाए। यदि ऐसा हुआ तो उनके सिर पर बची आखिरी छत भी छिन जाएगी और उनके पास खुले आसमान के सिवा कुछ नहीं बचेगा।
कृष्णी देवी की बस एक ही मांग है, सरकार उन्हें दो कमरों का छोटा-सा मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता दे दे, ताकि जीवन के इस अंतिम पड़ाव में उन्हें सुरक्षित छत और सम्मान के साथ जीने का सहारा मिल सके।
मामला संज्ञान में है। संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का आकलन कराया जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार जो भी सहायता संभव होगी, वह उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि बुजुर्ग महिला को राहत मिल सके।
-गौरव चौधरी, एसडीएम, घुमारवीं