अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा (बिलासपुर)। घुमारवीं में शनिवार से राज्य स्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 300 लड़के व लड़कियां भाग लेने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक होने वाली राष्ट्रीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह प्रतियोगिता प्रदेश कुश्ती महासंघ के महासचिव जगदीश कुमार की अगुवाई में आयोजित की गई है। खिलाड़ियों के चयन के लिए अंतरराष्ट्रीय पहलवान परशुराम अवार्डी डॉ. संजय यादव और अंतरराष्ट्रीय पहलवान जॉनी चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे ।
हिमाचल कुश्ती महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रमोहन शर्मा ने बताया कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीयस्तर के लिए उत्तर प्रदेश के गोंडा के लिए चयनित होंगे। जो खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग नहीं लेंगे वो राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकते हैं। हर एक खिलाड़ी को राष्ट्रीय प्रतियोगिता का हिस्सा बनने के लिए राज्यस्तरीय प्रतियोगिता से चयनित होना अति आवश्यक है।
महासचिव जगदीश ने बताया कि राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ियों के लिए सुंदरनगर के महाराजा लक्ष्मण सेन मेमोरियल कॉलेज में एक सप्ताह का प्रशिक्षण शिविर लगवाया जाएगा जिसमें खिलाड़ियों के ठहरने एवं खाने का पूरा प्रबंध हिमाचल प्रदेश कुश्ती महासंघ करेगा।