बिलासपुर। नैनीताल हाईवे पर अतिक्रमण और एक ट्रक खराब होने से वाहन चार घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। इस दौरान जाम में फंसे यात्री परेशान रहे।
नैनीताल हाईवे पर शनिवार की सुबह से ही रुद्रपुर की तरफ जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। दोपहर करीब 12 बजे रुद्रपुर से दिल्ली की तरफ जा रहा एक ट्रक अचानक नैनीताल हाईवे स्थित ब्लाक कार्यालय के पास खराब हो गया। ट्रक खराब होते ही हाईवे पर वाहनों की लाइन लग गई और जाम लग गया। धीरे-धीरे हालत हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने लगी। रुद्रपुर और रामपुर की ओर हाईवे पर करीब दो किलोमीटर जाम लग गया। जाम से चिलचिलाती धूप में यात्री खासकर स्कूली बच्चों को खासा परेशानी हुई। ट्रक खराब होने के साथ ही जाम का कारण नगर में फैला अतिक्रमण और हाईवे किनारे लगने वाला साप्ताहिक पैठ भी रहा।