11 सदस्यीय टीम के पास तीन दिन में पहुंची थीं 2000 शिकायतें
16 माह पहले आई शिकायतों का अधिकारी नहीं कर रहे निपटारा : समिति
मुख्यमंत्री को भेजी मुख्य सचिव और लोनिवि के संयुक्त सचिव की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन समिति ने 16 माह बाद भी कमेटी के पास आई शिकायतों पर कोई कार्रवाई न किए जाने पर मुख्यमंत्री को शिकायत पत्र भेजा है। शिकायत पत्र में उन्होंने मुख्य सचिव व लोनिवि के संयुक्त सचिव की भी शिकायत की है। समिति का आरोप है कि मुख्य सचिव इस विषय पर कोई भी बात करने से आनाकानी कर रहे हैं, जबकि लोनिवि के संयुक्त सचिव किसी भी पत्र का समिति को जवाब नहीं दे रहे हैं। अब उन्होंने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की जाए।
समिति का कहना है कि कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन निर्माण में बरती गई अनियमितताओं पर 16 माह पहले नयना देवी के विधायक रणधीर शर्मा के विधानसभा में प्रश्न किए जाने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री ने उस समय के डीसी को टीम बनाकर लोगों की समस्याओं को सुनने के आदेश दिए थे। इस पर डीसी ने 11 सदस्यों की टीम बनाई थी। तीन दिन में टीम के पास 2000 शिकायतें पहुंची थीं जिसकी रिपोर्ट लोनिवि के संयुक्त सचिव को भेजी।
लोनिवि ने उस रिपोर्ट को एनएएचआई के क्षेत्रीय अधिकारी शिमला को भेजा, जहां से रिपोर्ट मंडी एनएएचआई के परियोजना निदेशक को भेज दी गई लेकिन विडंबना यह है कि आज तक उस रिपोर्ट पर कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि विस्थापित आज भी बलास्टिंग से टूटे मकानों में रहने को विवश हैं। कोई भी कार्रवाई न होने पर समिति ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विरोध दर्ज करवाया है व लोनिवि के इस अधिकारी पर उचित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही निवेदन किया है कि रिपोर्ट पर जल्द कार्रवाई की जाए। वहीं समिति का कहना है कि जब मुख्य सचिव से इसी विषय को लेकर बातचीत करने की कोशिश की तो मुख्य सचिव ने बात सुनने से इनकार कर दिया। इसकी शिकायत भी समिति ने मुख्यमंत्री से की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस बाबत उचित कार्रवाई की मांग की है।
-----------
...खेमराज शर्मा