बिलासपुर। बिलासपुर शहर में पानी की कमी से हाहाकार मच गया है। आईपीएच विभाग लोगों को एक समय का पानी भी उपलब्ध करवा पाने में नाकाम साबित हो रहा है। हालत ऐसी है कि शहर के 11 सेक्टरों में से 3 सेक्टरों में पानी की आपूर्ति लगभग बंद हो गई है। लोगों को पानी की आपूर्ति पूरी करने के लिए टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है।
शहर के रौड़ा सेक्टर, निहाल सेक्टर के अतिरिक्त कई वार्डों में पानी की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। इसके चलते लोगों को पानी की समस्या से परेशानी उठानी पड़ रही है। कई वार्डों में टैंकरों के माध्यम से लोग पानी का प्रबंध कर रहे हैं। जबकि विभाग ने अभी तक यहां पर टैंकर लगाने की कोई व्यवस्था नहीं की है। लोगों को मजबूरी में पानी इधर-उधर से लाना पड़ रहा है।
नरेश कुमार, शिव कुमार, सतीश, मुकेश, शिवांग, मनोज, विक्रम, मान सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि अगर कोलडैम पेयजल परियोजना का विभाग जल्दी से उद्घाटन करवा देता है तो लोगों को पानी की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। कई दिनों से यह परियोजना राजनीति का अखाड़ा बनकर रह गई है।
अधिशाषी अभियंता अरविंद वर्मा ने कहा कि जहां पर पानी की अधिक समस्या है वहां पर लोगों को टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है। लेकिन, गर्मी के कारण जलस्तर गिरने से यह समस्या खड़ी हुई है।