जुखाला (बिलासपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध महाऋषि मार्कंडेय मंदिर में मेला शुक्रवार को शुरू हो गया। मेले का शुभारंभ झंडा चढ़ाने की रस्म के साथ हुआ। मेला अधिकारी एवं नायब तहसीलदार सदर प्रकाश चंद ने झंडा चढ़ाने की रस्म निभाई। बैसाखी पर मार्कंडेय मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। लोगों ने घंटों कतारों में लगकर श्रद्धा का स्नान किया। शनिवार को करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने यहां पर स्नान किया। इनमें हिमाचल के अलावा दूसरे राज्यों के श्रद्धालु भी शामिल रहे।
ऋषि मार्कंडेय मंदिर में शुक्रवार शाम से बिलासपुर, सोलन, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित उत्तरी भारत से भारी संख्या में श्रद्धालु आना शुरू हो गए थे। सुबह से ही लोगों की भीड़ स्नान गृह के सामने लगी थी। करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने शाही स्नान किया। इस मौके पर श्रद्धालुओं के लिए कई संस्थाओं ने लंगर लगाए थे। मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा। मार्कंडेय मेें चल रहा यह मेला रविवार को संपन्न होगा। मेला अधिकारी एवं नायब तहसीलदार सदर प्रकाश चंद ने बताया कि मेले में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल तैनात है। स्नान के समय कोई भगदड़ न मचे, इसके लिए पूरे प्रबंध आयोजन समिति की ओर से किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। झंडा रस्म के मौके पर निवर्तमान ऋषि मार्कंडेय मंदिर समिति के प्रधान सुखराम भारद्वाज, उपप्रधान बाबू राम, कोषाध्यक्ष नरेश शर्मा मौजूद रहे।