बिलासपुर। सर्वदलीय भाखड़ा विस्थापित समिति की बैठक बिलासपुर में हुई। बैठक में विस्थापितों की समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में फैसला लिया गया कि 31 दिसंबर को समिति जिले के नवनिर्वाचित विधायकों को सम्मानित करेगी। वहीं, विस्थापितों की समस्याओं को लेकर उन्हें ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
जिला के नवनिर्वाचित भाजपा और कांग्रेस विधायकों को रविवार 31 दिसंबर को दोपहर 12 बजे परिधि गृह में सम्मानित किया जाएगा। विस्थापितों की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं फैसला लिया गया कि भावी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भाखड़ा विस्थापितों का एक शिष्टमंडल मिलकर ज्ञापन सौंपेगा, ताकि वर्षों से लंबित उनकी समस्याओं का हल हो सके।
विस्थापितों ने कहा कि कोई भी भाखड़ा विस्थापित परिवार किसी भी सूरत में गृह कर नहीं देगा। समिति के महामंत्री जय कुमार ने कहा कि भाखड़ा विस्थापितों की सारी संपत्ति अथवा प्लाट 999 वर्ष की लीज पर हैं। इसलिए विस्थापित एक किरायेदार के रूप में उन प्लाटों पर रह रहे हैं और कानून के अनुसार गृह कर देना स्वीकार्य नहीं है।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष होने के नाते जिलाधीश ट्रस्टों के पिछले 5 वर्षों के आय-व्यय का ब्यौरा प्रकाशित करें और हिसाब-किताब की जांच के लिए एक समिति का गठन करके ट्रस्ट के धन के दुरुपयोग पर अंकुश लगाया जाए। उन्होंने कहा कि विस्थापितों का एक बड़ा शिष्टमंडल बुधवार 27 दिसंबर को उपायुक्त से मिलकर इन सभी विषयों के बारे में अवगत करवाएगा।
बैठक में पूर्व विधायक केके कौशल, नगर परिषद सदस्य नंद लाल राही, राज्य पेंशनर्स संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जेके नड्डा, जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष होशियार सिंह ठाकुर, सेवानिवृत्त कार्यालय अधीक्षक शिव प्रसाद अरोड़ा, आरके शर्मा, पूर्व मुख्याध्यापक एसआर आजाद, नंद किशोर शर्मा, प्रमुख समाजसेवी पुरुषोत्तम शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।