अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने कहा कि प्रदेश में हुए भारी मतदान और लोगों के उत्साह से ये साबित होता है कि भाजपा विधानसभा चुनावों में भारी बहुमतों से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंकड़ा दस से नीचे सिमट जाएगा। प्रदेश के सभी वर्गों विशेष कर महिलाओं और युवाओं की ओर से मतदान में दिखाए गए उत्साह का एक बड़ा कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के प्रति समर्थन और कांग्रेस सरकार के खिलाफ गुस्सा भी है।
लोगों का यही गुस्सा कांग्रेस की सरकार को सत्ता से बाहर कर देगा। उन्होंने कहा कि मतदाताओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास की नीतियों और भाजपा के स्वर्णिम हिमाचल दृष्टिपत्र के प्रति विश्वास की वजह से ही लोग बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए घर से बाहर आए।
कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, नशे को बढ़ावा देने और गुड़िया कांड के दोषियों को बचाने की कोशिशों के कारण जनता में सरकार के प्रति भारी रोष था। इस कारण लोगों ने भारी संख्या में घरों से बाहर निकल कर मतदान किया। धर्माणी ने कहा कि 18 दिसंबर को प्रदेश में प्रो. प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में सरकार बनेगी और प्रदेश को एक बार फिर स्वच्छ और विकास देने वाली सरकार सत्ता में आएगी।