विद्यार्थियों ने पास किया साक्षात्कार, होटल देगा जॉब प्लेसमेंट
25 दिसंबर से जयपुर में शुरू होगा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में बीवॉक हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म के 10 विद्यार्थी पांच सितारा होटल रमाडा जयपुर राजस्थान से अपनी ऑन जॉब ट्रेनिंग पूरी करेंगे। साक्षात्कार के बाद इन विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
होटल के एचआर मैनेजर मुकेश चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से बच्चों के साक्षात्कार लिए और उन्हें चयनित किया। विशेष बात यह है कि तीन माह की ऑन जॉब ट्रेनिंग करने के बाद इन विद्यार्थियों को होटल की ओर से जॉब ऑफर भी मिलेगा। मुकेश चौधरी ने बताया कि तीन माह के प्रशिक्षण में इन विद्यार्थियों को 5500 प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा। जॉब ट्रेनिंग करने के बाद होटल इन्हें जॉब प्लेसमेंट देगा, जिसमें बच्चे 1,90,000 रुपये सालाना व रहना व खाना होटल की तरफ से व्यवस्थित करा जाएगा। यह विद्यार्थी 25 दिसंबर से अपना प्रशिक्षण शुरू करेंगे। प्राचार्य प्रो. प्रीतम लाल और बी वॉक के नोडल ऑफिसर प्रो. पुष्पेंद्र ठाकुर ने विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। पर्यटन व होटल प्रबंधन के प्रो. राजीव चौहान ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म सेक्टर विद्यार्थियों के लिए जॉब की अपार संभावनाएं हैं।