श्री नयना देवी में महाशिवरात्रि महोत्सव समापन पर पूर्णाहुति देते पुजारी। स्रोत: मंदिर न्यास
-पूर्णाहुति के साथ हुआ भव्य समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर में दस दिनों तक चला महाशिवरात्रि महोत्सव पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। मंदिर परिसर में पूरे उत्सव के दौरान भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मंदिर न्यास और पुजारी वर्ग के संयुक्त सहयोग से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह महोत्सव इस बार भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव के दौरान शिव संध्या, शिव महापुराण कथा, शिव जप-पाठ और दुर्गा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भगवान शिव और माता नैना देवी से अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। स्थानीय पुजारी आनंद गोपाल ने बताया कि दस दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत आज पूर्णाहुति के साथ महोत्सव का विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन माता जी के मुख्य लंगर भवन में किया गया। भंडारे में इस बार विशेष रूप से मशहूर कांगड़ी धाम परोसी गई, जिसको श्रद्धालुओं ने श्रद्धा पूर्वक ग्रहण किया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। भजनों और मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महोत्सव के सफल आयोजन पर मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार जताया।