भराड़ी थाना क्षेत्र की 10 वर्षीय बच्ची की ओर से अपने माता-पिता पर प्रताड़ित करने और मारपीट के आरोप लगाने के मामले में बुधवार को सुलह का रास्ता निकल आया। तीन दिन चली काउंसलिंग के बाद बच्ची ने आखिरकार घर लौटने की सहमति दे दी। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने माता-पिता को सख्त हिदायत दी है कि बच्ची के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार नहीं करेंगे।
चाइल्ड वेलफेयर विभाग ने बताया कि बच्ची की काउंसलिंग समय-समय पर की जाएगी और अगले एक वर्ष तक उस पर निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए विभाग की टीमें समय-समय पर बच्ची के घर जाकर बातचीत करेंगी और स्थिति का जायजा लेंगी। बताते चलें कि सोमवार को बच्ची ने चाइल्ड हेल्पलाइन पर फोन कर अपने माता-पिता पर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
शिकायत मिलते ही विभागीय अधिकारी, पुलिस टीम और पंचायत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे थे। करीब आठ घंटे चली काउंसलिंग में बच्ची अपने माता-पिता के साथ रहने से इंकार करती रही, इसके बाद विभाग ने बच्ची को अस्थायी रूप से अपने संरक्षण में ले लिया। बुधवार को तीसरे चरण की काउंसलिंग में बच्ची ने घर लौटने की सहमति दी। चाइल्ड वेलफेयर प्रोजेक्ट के जिला समन्वयक रविंद्र कुमार ने बताया कि बच्ची को माता-पिता के साथ घर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि माता-पिता को हिदायत दी गई है कि बच्ची के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट न की जाए। विभाग नियमित रूप से बच्ची की काउंसलिंग करेगा।