बद्दी के टोल बैरियर के समीप दवा कंपनी में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
बद्दी के टोल बैरियर के समीप एक दवा कंपनी में आग लगने से मशीनरी, तैयार और कच्चा माल जलकर राख हो गया है। अग्रिशमन विभाग की टीम ने कंपनी की दो मंजिलों को सुरक्षित बचा लिया। करीब 13 घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार आग वीरवार आधी रात को लगी। जिस समय आग लगी, उस दौरान कंपनी में काम चल रहा था। नाइट शिफ्ट में 16 कर्मचारी ड्यूटी पर थे। कंपनी का भवन तीन मंजिल का है। तीसरी मंजिल में ही आग लगी। आग लगने के बाद जोर का धमाका हुआ, जिससे पूरे फ्लोर में आग फैल गई। यह आग टेबलेट सेक्शन में लगी और पूरा सेक्शन जल गया। तीसरी मंजिल में दवाई बनाने का कच्चा माल व तैयार माल भी था।
कंपनी के प्रबंधक मनोहर चंद्र जोशी ने बताया कि तीसरी मंजिल में घटना के दौरान तीन कामगार थे, जो ग्रिल के सहारे सुरक्षित नीचे उतर गए। बाकी कामगार पहली व दूसरी मंजिल से बाहर निकल गए। तीन कामगारों को उतरते समय हल्की चोटें आई, जिनका प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। उधर, लीडिंग फायरमैन भीम सिंह ने बताया कि उन्हें रात को एक बजे सूचना मिली। सूचना मिलते ही चार फायर टेंडर लेकर मौके पर पहुंचे। वहीं एक टेंडर को नालागढ़ से बुलाया गया। पांच फायर टेंडरों से आग बुझाने में 13 घंटे लगे। कंपनी में साॅफ्ट जेल कैप्सूल बनते थे, जिनका इस्तेमाल आवश्यक पोषक तत्वों को पूरा करने के लिए किया जाता है।