इस बार हिमाचल की झांकी पूरी तरह से देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को समर्पित होगी। झांकी की थीम ‘गैलेंटरी अवार्डीज ऑफ हिमाचल प्रदेश’ रखी गई है। इसमें परमवीर चक्र, महावीर चक्र और अशोक चक्र से सम्मानित हिमाचल के वीर सपूतों की तस्वीरें और प्रतीकात्मक प्रस्तुतियां शामिल की जाएंगी। झांकी के माध्यम से दर्शाया जाएगा कि सीमांत और पहाड़ी प्रदेश होने के बावजूद हिमाचल ने देश की रक्षा में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। सेना में हिमाचल के युवाओं की बड़ी भागीदारी और उनके अदम्य साहस को झांकी के माध्यम से राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। उधर, रक्षा मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार के संबंधित विभाग ने झांकी निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित एजेंसी झांकी के डिजाइन, कलात्मक प्रस्तुति और तकनीकी मानकों के अनुसार निर्माण कार्य करेगी, जिससे हिमाचल की झांकी अपनी अलग छाप छोड़ सके।