उपमंडल घुमारवीं की चोखना धार पंचायत के राहुल पटियाल ने लेफ्टिनेंट बनकर नाम रोशन किया है। भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में पासिंग आउट परेड में उन्होंने देश सेवा की शपथ ली। राहुल की प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक पाठशाला चोखना से हुई। उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई डीएवी स्कूल हमीरपुर से पूरी की। वर्ष 2021 में राहुल ने एनडीए टेक्निकल एंट्री परीक्षा उत्तीर्ण कर ऑल इंडिया 53वीं रैंक हासिल की थी। कड़ी मेहनत और चार वर्षों के कठोर सैन्य प्रशिक्षण के बाद अब वे भारतीय सेना में कमीशंड अधिकारी बने हैं। राहुल के पिता संदीप पावर ग्रिड हमीरपुर में कार्यरत हैं। जबकि माता किरण गृहिणी हैं। सेना से उनका पारिवारिक जुड़ाव भी रहा है। उनके दादा प्रकाश चंद पटियाल भारतीय सेना से ऑनरेरी सूबेदार मेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनसे प्रेरणा लेकर राहुल ने सेना में अधिकारी बनने का सपना देखा और उसे साकार किया।
जिला ऊना के गगरेट के दियोली गांव के साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले अभिनंदन ठाकुर का फ्लाइंग ऑफिसर में चयन हुआ है। फाइनल मेरिट सूची में उन्होंने पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया। उनकी 28 दिसंबर को एयरफोर्स सेंटर सिकंदराबाद में ज्वाइनिंग है। उनका प्रशिक्षण बैच जनवरी 2026 से आरंभ होगा। अभिनंदन ठाकुर के पिता अनिल ठाकुर निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि माता रंजना ठाकुर गृहिणी हैं। अभिनंदन शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। उन्होंने 12वीं तक की शिक्षा नॉन-मेडिकल विषयों के साथ जवाहर नवोदय विद्यालय पेखूबेला (ऊना) से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से बीटेक (इलेक्ट्रिकल) की पढ़ाई पूर्ण की। मेहनत और लग्न के बल पर अभिनंदन ने ऑल इंडिया स्तर की परीक्षा प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण की। इसके उपरांत देहरादून में आयोजित पांच दिवसीय एसएसबी साक्षात्कार को भी उन्होंने पहले ही प्रयास में क्वालीफाई किया। अभिनंदन ने सफलता का श्रेय माता-पिता, बड़े भाई अंकित ठाकुर तथा जवाहर नवोदय विद्यालय, पेखूबेला के अध्यापकों को दिया है।
दुर्गम क्षेत्र में खेतीबाड़ी करने वाले माता-पिता का बेटा अब सफलता की उड़ान भरेगा। नौहराधार के चाढ़ना निवासी परीक्षित शर्मा वायुसेना में फाइटर जेट उड़ाएगा। उन्होंने न केवल एनडीए परीक्षा पास की बल्कि फ्लाइंग पार्ट तक भी पहुंच बनाई। परीक्षित 23 दिसंबर को पुणे में पदभार संभालेंगे। परीक्षित ने बताया कि पहले प्रयास में वे बाहर हो गए थे। उन्हाेंने हार नहीं मानी और फिर अप्रैल में परीक्षा दी और पास की। उन्होंने वायु सेना मिलने पर खुशी जताई है। उनका सपना देश के लिए फाइटर जेट उड़ाने का था। अब वह जल्द पूरा होने जा रहा है। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता, ताऊ, भाई-बहनों और दोस्तों को दिया है। एसवीएन स्कूल नाहन के प्रधानाचार्य कुंदन ठाकुर ने परीक्षित को बधाई दी। उन्होंने बताया कि वह रात 2 बजे तक लाइब्रेरी में पढ़ाई करता था। हाल ही में जमा दो में भी छात्र ने विज्ञान संकाय में जिला भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। ओवरऑल मेरिट में भी छात्र ने जगह बनाई थी। उन्होंने बताया कि छात्र ने जेई मेन्स की परीक्षा भी 98.53 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी और आईआईटी सूरत में इंजीनियरिंग में प्रवेश भी प्राप्त कर लिया था।