घनी आबादी और सटकर बने भवनों के चलते आग तेजी से फैलने की आशंका
शिमला जैसे शहरों में घनी आबादी और सटकर बने भवनों के चलते आग तेजी से फैलने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए अग्निशमन विभाग ने अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। दमकल कर्मी सुबह से देर रात तक अलग-अलग शिफ्टों में ड्यूटी देंगे। नियमित अवकाश पर रोक लगाई गई है। केवल अत्यंत आपात स्थिति में ही कर्मचारियों को छुट्टी की अनुमति मिलेगी। दमकल बल के साथ अतिरिक्त होमगार्ड जवानों को भी तैनात किया गया है। प्रदेश के प्रमुख पटाखा बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अग्निशमन वाहन तैनात किए गए हैं।
आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए पाइपलाइन बिछाने की व्यवस्था
आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए पाइपलाइन बिछाने की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है। विभाग के सामने इस बार भी आग लगने की घटनाओं पर कम से कम समय में काबू पाने की चुनौती है। बीते एक दशक के आंकड़े भी दीपावली के दौरान आग की घटना के खतरे को दर्शाते हैं। विभाग के अनुसार इस अवधि में दीपावली के दौरान आग की घटनाओं में 20 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर नष्ट हो चुकी है। हालांकि, अग्निशमन दल की समय पर कार्रवाई से इससे कई गुना अधिक संपत्ति को बचाया गया है। इस बार भी विभाग रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखने पर जोर दे रहा है।