सेक्टर-सात थाना क्षेत्र में बुधवार शाम कार की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सेक्टर-11 चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुधीर कुमार(24) सेक्टर-सात स्थित एक चैरिटेबल ट्रस्ट में नौकरी करता था। वह अपने कुछ दोस्तों के साथ सेक्टर-10 में किराये पर रहता था और मूल रूप से यूपी के हरदोई जिले के गोगेरा गांव का निवासी था।
बुधवार देर शाम वह ड्यूटी समाप्त करके पैदल घर जा रहा था, उसके साथ दो अन्य दोस्त भी थे। वाईएमसीए रोड पर अश्विनी अस्पताल के पास एक कार ने सुधीर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद कार चालक कार सहित फरार हो गया। घायल सुधीर को उसके दोस्त पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे बीके अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया।