यमुनानगर। पुराना हमीदा स्थित कम्युनिटी सेंटर में मंगलवार को पुलिस विभाग की सही राह मुहिम के तहत नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है और खासकर युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रहा है।
युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे खेल, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों की ओर ध्यान दें और अपने भविष्य को सुरक्षित बनाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कहीं नशा बेचने या सेवन की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को बताएं, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। कार्यक्रम में अधिवक्ता सुशील आर्य, डॉ. नवीन शर्मा, डॉ. बुलबुल, थाना शहर प्रभारी नरेंद्र सिंह मौजूद रहे।