संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान यमुनानगर में 38 दिवसीय असिस्टेंट कंप्यूटराइज्ड अकाउंटिंग तथा 12 दिवसीय फास्ट फूड स्टॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया। इसके साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
38 दिवसीय असिस्टेंट बुक कीपर प्रशिक्षण में रादौर और जगाधरी ब्लॉक के 35 युवक-युवतियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान मध्य प्रदेश से आए प्रशिक्षक कामिल रजा ने प्रतिभागियों को जीएसटी, अकाउंटिंग और टैली सॉफ्टवेयर की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रशिक्षणार्थियों का मूल्यांकन भी किया गया।
वहीं 12 दिवसीय फास्ट फूड स्टॉल प्रशिक्षण में गधौली, मारवा कलां, साढौरा और दामला सहित विभिन्न गांवों की 48 महिलाओं और दो युवकों ने भाग लिया। प्रशिक्षकों अनीता और गौरी शंकर ने प्रतिभागियों को समोसा, मोमोज, चाऊमीन, मंचूरियन, पानी पूरी, छोले-भटूरे, बर्गर, सैंडविच, चाट, टिक्की, पाव भाजी और अन्य फास्ट फूड व्यंजन बनाने का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अध्ययन सामग्री, यूनिफॉर्म, भोजन और अन्य सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संस्थान में हमारी भूमि, हमारा भविष्य विषय पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित चार्ट तैयार किए और परिसर में पौधारोपण किया।
इस दौरान जल संरक्षण, पौधरोपण और प्रदूषण नियंत्रण के महत्व पर चर्चा की गई। संस्थान के निदेशक कंवलजीत सिंह भाटिया ने कहा कि कौशल विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी समय की आवश्यकता है। इस मौके पर प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर मोनिका कांबोज, रूबी कांबोज, कामिनी लता, अन्नु, लखविंद्र सहित अन्य उपस्थित रहे।