संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर/ बिलासपुर। कपालमोचन-मछरौली रोड पर गांव मोहड़ी के पास सोमवार दोपहर दो बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला समेत चार लोग जख्मी हुए। सरकारी अस्पताल में दो युवकों की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें पीजीआई रेफर किया गया था। वहां साढौरा निवासी जमशेद की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
साढौरा निवासी जमशेद (25) अपनी रिश्तेदार अफसरी को बाइक पर बिठाकर कपालमोचन की तरफ आ रहा था। जब वे कपालमोचन मछरौली रोड पर गांव मोहड़ी के मोड़ पर पहुंचे तो सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में जमशेद, अफसरी व दूसरी बाइक पर सवार बिलासपुर निवासी मौजी व खान मोहम्मद घायल हो गए।
घायलों को राहगीरों ने बिलासपुर अस्पताल में पहुंचाया। वहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। गंभीर हालत के चलते जमशेद को पीजीआई रेफर किया गया था। मुलाना अस्पताल में उपचाराधीन के दौरान जमशेद ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है।
कार की टक्कर से व्यक्ति की जान गई
यमुनानगर। सहारनपुर रोड पर गांव पांसरा के पास कार की टक्कर से सड़क पार कर रहे व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात कार चालक पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
गांव मंडौली निवसी तजिंद्र सिंह ने सदर पुलिस को शिकायत दी कि वह सुबह साढ़े पांच बजे यमुनानगर से अपने गांव मंडौली जा रहा था । सहारनपुर रोड पर जब वह पांसरा फाटक के पास एक व्यक्ति सड़क पार कर रहा था। इस दौरान कार ने उसे टक्कर मार दी। इसमें सड़क पार कर रहा व्यक्ति घायल हो गया। कार का नंबर नोट कर लिया।
घायल ने उसने अपना नाम यूपी के गांव तेवाया निवासी संदीप बताया। उसने उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक पर केस दर्ज कर लिया है। संवाद