संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में बढ़ रहे नशे और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर महरमपुर गांव के युवाओं ने अनोखी पहल की है। जिसमें युवाओं ने आपस में बैठक कर पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए गांव को हरा भरा करने का निर्णय लिया। 25 युवाओं के ग्रुप ने पिछले एक साल से गांव में पौधरोपण करने का कार्य किया है। गांव व आसपास के क्षेत्र में 500 से अधिक पौधे लगा चुके हैं।
गांव के अभी नागरा, गौरव, गोलू, अरुण, गौतम, सोमनाथ, हर्ष, बंटी, रोहित व अन्य युवाओं ने बताया कि गांव से लेकर शहर तक नशे के आदि युवक ज्यादा बन रहे हैं और नशे की लत में पड़े युवक अपराधों में संलिप्त होते जा रहे हैं। गांव में नशे की लत और अन्य बुराइयों से दूर रहने के लिए गांव में बैठक कर निर्णय लिया। सभी युवाओं ने हर माह अपने जेब खर्च से कुछ पैसे बचाकर गांव में हरियाली लाना मकसद बनाया। अभी नागरा, सोमनाथ, हर्ष व बंटी ने बताया कि समाज को बेहतर बनाने में युवाओं की भागीदारी बेहद खास होती है। नौजवान अगर लगन से अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल करें, तो बड़े से बड़ा बदलाव संभव है।
गांव महरमपुर के युवा पौधरोपण कर इसकी मिसाल पेश कर रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इन युवाओं में दीवानगी इस कदर बढ़ी है कि वह उन्होंने गांव की मेन एंट्री के साथ- विभिन्न जगह पौधे लगाने से लेकर उसे संरक्षित करने तक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
युवाओं ने बताया उन्होंने अपनी युवाओं की टोली के साथ मिलकर सोमवार को 48 पौधे लगाकर न सिर्फ लोगों को जागरूक कर रहे हैं। इतना ही नहीं वे जिन पौधों को लगाते हैं, उनकी सुरक्षा का भी संकल्प लेते हैं। वहीं युवाओं से नशा नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि है नशे में न पड़कर सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें।