संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। इनेलो के युवा नेता एवं रानियां से विधायक अर्जुन सिंह चौटाला ने जगाधरी में आयोजित युवा सम्मेलन में प्रदेश सरकार पर सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है। बड़े-बड़े दावों के बावजूद जमीनी हकीकत बद से बदतर होती जा रही है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार की ओर धकेला जा रहा है।
अर्जुन ने कहा कि इनेलो द्वारा हर जिले में युवा सम्मेलन आयोजित करने का उद्देश्य युवाओं की समस्याओं को सीधे सुनना और उन्हें मजबूती से उठाना है। बीते एक वर्ष से लगातार युवाओं से संवाद के दौरान हर जगह एक जैसी शिकायतें सामने आई हैं। रोजगार के अवसर घट रहे हैं, शिक्षा व्यवस्था कमजोर हुई है और मेहनत के बावजूद युवाओं को अवसर नहीं मिल पा रहे।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल कागजी योजनाओं और आंकड़ों में उलझी हुई है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात चिंताजनक हैं। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई बड़े घोटाले सामने आए, लेकिन किसी भी दोषी को सजा नहीं मिली। एचबीएससी कार्यालय से पैसों से भरी पेटियां मिलने जैसी घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है।
उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में युवाओं ने बदलाव की उम्मीद के साथ वोट दिया था, लेकिन वह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी। अब युवा खुद आगे आकर बदलाव की मांग कर रहा है और इनेलो से इस संघर्ष को आगे बढ़ाने की अपील कर रहा है। उन्होंने सरकार पर सामाजिक सौहार्द को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सोशल इंजीनियरिंग के नाम पर समाज को जाति और वर्गों में बांटने की राजनीति हो रही है, जबकि जरूरत प्रदेश को एकजुट रखने की है।