संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। युवक ने बहला फुसलाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामला सदर यमुनानगर थाना क्षेत्र के गांव का है। पुलिस ने आरोपी युवक और उसके पिता व भाई के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में व्यक्ति ने बताया कि गांव के ही अफरीदी ने उसकी नाबालिग बेटी को बहला फुसला मिलने के बुलाया। जब उसकी लड़की आरोपी से मिलने के लिए गई तो उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी ने लड़की की फोटो वायरल करने की धमकी दी। इस पर लड़की ने इस बारे किसी को नहीं बताया, मगर इसके बाद आरोपी फिर से उसकी लड़की को परेशान करने लगा।
इस पर उसने परेशान होकर परिजनों को आपबीती बताई। जब वह आरोपी अफरीदी के घर पर विरोध जताने गया तो आरोपी के भाई आदिल व पिता सरताज अली ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।