संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक पर शनिवार शाम को ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार गांव फिराजेपुर राइयां का 21 वर्षीय मनु की मौत हो गई। वहीं उसका साथी सलमान गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल सलमान की शिकायत पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक के विरुद्ध केस दर्ज जांच शुरू की है।
पुलिस को दी शिकायत में घायल सलमान ने बताया कि वह अपने साथी मनु के साथ कपिल ऑटोमोबाइल एजेंसी में मैकेनिक का काम करता है। शनिवार शाम को एजेंसी से काम निपटाने के बाद मनु के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। दोसड़का स्थित बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक पर एक ऑटो चालक ने विपरीत दिशा से आकर बाइक की तरफ घुमा दिया।
ऑटो चालक को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों बाइक सहित सड़क पर जा गिरे। पीछे से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दोनों को चपेट में ले लिया। हादसे में मनु की मौत हो गई। जांच अधिकारी रणधीर सिंह ने बताया कि मृतक मनु के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।