यमुनानगर। फ्रेंड्स कॉलोनी में गली के बीच खड़ी कार को हटाने के लिए दरवाजा खटखटाने से शुरू हुई कहासुनी बाद में विवाद में बदल गई। इसके बाद पड़ोसी ने अपने साथियों को बुलाकर एक ही परिवार के चार लोगों पर रॉड और हथियारों से हमला कर दिया।
थाना गांधी नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आशु दुआ, हार्दिक, यश, करण सहित चार अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी ईश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह स्कूल बैग बनाने का काम करता है। वीरवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह बाजार से अपने साले सौरभ खरबंदा निवासी शादीपुर, यमुनानगर के साथ उसके दोस्त की थार गाड़ी में घर लौट रहा था। जब वे गली में पहुंचे तो आशु दुआ ने अपनी इनोवा कार गली के बीचोंबीच खड़ी की हुई थी, जिससे रास्ता बंद हो गया था। उसने आशु दुआ के घर का दरवाजा खटखटाकर उसे गाड़ी हटाने को कहा, लेकिन काफी देर तक कोई बाहर नहीं आया। कुछ देर बाद आशु दुआ बाहर आते ही उससे गाली-गलौच करने लगा और हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान आशु के बेटे हार्दिक ने फोन कर 5-6 युवकों को मौके पर बुला लिया। थोड़ी ही देर में कई युवक वहां पहुंच गए, जिनके हाथों में लोहे की रॉड थीं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनमें से करण और यश को वह इंस्टाग्राम के माध्यम से जानता है। संवाद