संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए अभ्यर्थियों को केंद्र पर पौना घंटा पहले पहुंचना होगा। इससे देरी से आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुबह सत्र की परीक्षा में अभ्यर्थियों को 9:15 बजे के बाद केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं, सायं सत्र में दोपहर 2:30 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।
कर्मचारी चयन आयोग ने परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए प्रथम सत्र में पहुंचने का सुबह साढ़े सात बजे से सवा नौ बजे निर्धारित किया है। वहीं, दोपहर की शिफ्ट के लिए 12 बजकर 45 मिनट से दो बजकर 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। करनाल से आने वाले अभ्यर्थियों की बसों को औरंगाबाद बाईपास के पास रोका जाएगा। वहीं, चंडीगढ़ व पंचकूला से आने वाले अभ्यर्थियों को कैल बाईपास के पास बनाई पार्किंग में रोका जाएगा।
दोनों पार्किंग स्थलों से अभ्यर्थियों को लाने के लिए प्रशासन की ओर से 150 शटल बसें लगाई गई हैं। इस दौरान करनाल से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए 90 शटल बसों की व्यवस्था की गई है। उन्हें औरंगाबाद फ्लाईओवर के नीचे शटल बसों से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया जाएगा।
इसी तरह पंचकूला व चंडीगढ़ से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए 60 शटल बसें लगाई गई हैं। उन्हें कैल बाईपास से परीक्षा केंद्रों पर शटल बसों से पहुंचाया जाएगा।
इसे लेकर डीसी ने सभी अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में डीसी पार्थ गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने 47 परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सीसीटीवी कैमरा, जैमर, पानी की व्यवस्था, शौचालयों की व्यवस्था जांच की है।
इसके अलावा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के प्रतिनिधियों ने भी जायजा लिया है। किसी केंद्र तक पहुंचने में परीक्षार्थियों को कोई व्यवधान न हो इसके लिए प्रशासनिक व पुलिस टीम सक्रिय रूप से सहयोगी रहेगी। पुलिस की ओर से पुख्ता सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कर लिए गए हैं।
डीसी ने बताया कि यमुनानगर के अभ्यर्थियों को 26 व 27 जुलाई को चंडीगढ़ जाने के लिए यमुनानगर, जगाधरी, व्यासपुर, साढौरा, प्रतापनगर, रादौर, छछरौली व सरस्वतीनगर बस स्टैंड से बसें मिलेगी।
सुबह की शिफ्ट में बसें रवाना होने का समय सुबह 3:30 बजे, शाम की शिफ्ट में बसें रवाना होने का समय सुबह 8:30 बजे है जो जिला प्रशासन यमुनानगर की तरफ से रवाना होंगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, नगर निगम आयुक्त अखिल पिलानी, एडीसी नवीन आहूजा, सीटीएम पीयूष गुप्ता, जगाधरी एसडीएम विश्वनाथ, जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी, रोडवेज के महाप्रबंधक संजय रावल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सीईटी के लिए चलेंगी अनारक्षित ट्रेनें
यमुनानगर। सीईटी के लिए चंडीगढ़ से सोनीपत, दिल्ली और जींद से भी अनारक्षित ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रेलवे ने शुक्रवार शाम को इन ट्रेनों के संचालन की समय सारिणी जारी की है।
चंडीगढ़ से सोनीपत के लिए 26 व 27 जुलाई को ट्रेन 04504 शाम सात बजे रवाना होगी और अंबाला होते हुए रात 10.50 बजे सोनीपत पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 04508 का संचालन भी उक्त समय सारिणी अनुसार चंडीगढ़ और सोनीपत के बीच किया जाएगा, इसके अलावा दिल्ली से चंडीगढ़ के बीच ट्रेन नंबर 04403 तड़के. 3:10 बजे रवाना होकर सुबह 7:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 04405 जींद से चंडीगढ़ के लिए तड़के तीन बजे रवाना होकर 9:50 पर चंडीगढ़ पहुंचेगी। संवाद