संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। उपमंडल व्यासपुर के शाहपुर व व्यासपुर में बनी दो अवैध कॉलोनियों पर जिला नगर योजनाकार की टीम ने जेसीबी चलवा दी। कॉलोनियों में किए गए निर्माण व सड़कों को तोड़ दिया गया। इस दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
जिला नगर योजनाकार राजेश कुमार ने बताया कि नायब तहसीलदार व्यासपुर को डीसी की तरफ से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। इस मौके पर थाना व्यासपुर प्रबंधक, राज्य प्रवर्तन ब्यूरो यमुनानगर तोड़ फोड़ के दौरानउपस्थित रहे। डीटीपी राजेश कुमार ने बताया कि इन अवैध कॉलोनियों का कुल क्षेत्रफल लगभग 8.5 एकड़ था। इनमें बनी डीपीसी, कच्ची सड़को व सीवरेज नेटवर्क को तोड़ा गया है।
अवैध कॉलोनियों में प्लॉट बेचने वालों को कंट्रोल एरिया एक्ट नंबर 12 की उपधारा 2 ऑफ 1963 के तहत नोटिस जारी किए गए थे, क्योंकि डीटीपी कार्यालय से किसी प्रकार की अनुमति कॉलोनियों में प्लॉट बेचने के लिए नहीं ली गई थी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति किसी अवैध कॉलोनी में प्लाॅट आदि की खरीद फरोख्त न करें। यदि फिर भी कोई व्यक्ति अवैध कॉलोनी में निर्माण करता हुआ पाया गया तो उसके लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।