जगाधरी। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाएं कभी-कभी विभाग की लापरवाही से धरातल पर नहीं पहुंच पातीं। ऐसा ही कुछ हाल मेरी साइकिल मेरी पसंद योजना की रही। शिक्षा सत्र खत्म हो चुका है, लेकिन चयनित अधिकांश विद्यार्थियों को अभी तक साइकिल नहीं मिल पाई है। विद्यार्थी और अभिभावक अभी भी साइकिल के लिए धनराशि आने का इंतजार कर रहे हैं। यह विडंबना ही कही जाएगी कि यह राशि कब तक आएगी, इसके बारे में अधिकारियों को अभी तक सटीक जानकारी नहीं है।
उल्लेखनीय है कि दो किलोमीटर दूर से आने वाले विद्यार्थियों के लिए सरकार की ओर से मेरी साइकिल मेरी पसंद योजना चलाई गई है। जिसके तहत विद्यार्थियों को साइकिल देने की योजना है। पूरा साल विद्यार्थियों व अधिकारियों ने साइकिल बजट के इंतजार में निकाल दिया। फरवरी में सरकार ने साइकिल के लिए बजट जारी किया, लेकिन यह बजट सभी विद्यार्थियों के लिए नहीं था। विभाग की ओर से यह बजट एक तिहाई विद्यार्थियों के लिए जारी किया गया है।
मेरी साइकिल मेरी पसंद योजना का लाभ देने के लिए विभाग की ओर से पिछले साल 21 व 22 फरवरी को झंडा चौक स्थित राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में साइकिल मेला लगाया गया था। तीन दिवसीय इस मेले में जिले भर के विद्यार्थियों को बुलाया गया। यहां पर विभिन्न साइकिल विक्रेताओं व डीलर्स ने प्रदर्शनी लगाई थी। जिसमें जिले के 3549 विद्यार्थियों ने साइकिल पसंद कर बुकिंग करवाई थी। विद्यार्थियों ने एक साल साइकिल के इंतजार में निकाल दिया, लेकिन बजट कमी के कारण इसका लाभ नहीं मिल सका। जिसके बाद इस साल फरवरी में साइकिल योजना के लिए बजट जारी किया। यह बजट कुल 770 विद्यार्थियों के लिए जारी किया गया। इस दौरान 346 छात्रों व 406 छात्राओं के लिए 1728800 रुपये जारी किए थे। जबकि साइकिल बुक करवाने वाले विद्यार्थियों की संख्या 3549 है। योजना के तहत 20 इंच साइकिल के लिए 3100 रुपये और 22 इंच साइकिल के लिए 3300 रुपये दिए जाने का प्रावधान है। यह योजना छठी, नौवीं व 11वीं के विद्यार्थियों के लिए चलाई गई है।
-
वर्जन
प्राथमिक स्कूल के सभी विद्यार्थियों को मिल चुकी है साइकिल
मेरी साइकिल मेरी पसंद योजना के अंतर्गत छठी तक के विद्यार्थियों के लिए बजट जारी किया गया था, जो खंड स्तर पर आवंटित कर दिया गया। विद्यार्थियों ने बुक करवाई साइकिल भी खरीद ली है। प्राथमिक स्कूल में सभी विद्यार्थियों को साइकिल मिल गई है।
- पिरथी सैनी, उप जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी।
वर्जन
प्रक्रिया जारी है, सभी सभी विद्यार्थियों को मिल जाएगी साइकिल
विद्यार्थियों को लाभ देने के लिए मेरी साइकिल मेरी पसंद योजना चलाई गई है। जिसके तहत पिछले साल विद्यार्थियों ने साइकिल पसंद की थी। विभाग की ओर से कुछ का बजट जारी किया गया है, लेकिन सभी विद्यार्थियों को साइकिल योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। विभाग की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही सभी विद्यार्थियों को साइकिल मिल जाएगी।
विनोद कुमार कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी।